Jamshedpur News : पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया थाना क्षेत्र में रविवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। चाकुलिया-माटिहाना मुख्य सड़क पर दीघी स्थित एसजी एग्रो फूड प्रोडक्ट्स राइस मिल के समीप दो ट्रेलरों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रेलरों में आग लग गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दूर-दूर तक आग की ऊंची लपटें दिखाई देने लगीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब पांच बजे एक ट्रेलर ओडिशा के क्योंझर से लौह अयस्क लेकर पश्चिम बंगाल की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा ट्रेलर पश्चिम बंगाल के आसनसोल से फायर ब्रिक्स लोड कर ओडिशा के अंगुल के लिए रवाना हुआ था। दीघी स्थित राइस मिल के समीप दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसके बाद दोनों ट्रेलरों में आग भड़क उठी।
ग्रामीणों और राइस मिल कर्मचारियों ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। एसजी एग्रो फूड प्रोडक्ट्स के संचालक अविनाश सुरेका और राइस मिल के कर्मचारियों ने तत्काल पानी की व्यवस्था कर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। उनकी सूझबूझ से आग को आसपास के क्षेत्र में फैलने से काफी हद तक रोक लिया गया।
इधर, सूचना मिलते ही चाकुलिया थाना प्रभारी राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बहरागोड़ा से दमकल वाहन बुलाया गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
दोनों चालक अस्पताल में भर्ती, पुलिस कर रही जांच
इस हादसे में एक ट्रेलर के चालक करमचंद और दूसरे ट्रेलर के चालक लालू यादव घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना की वजह तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर मानी जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।