Jamshedpur News : शहर में चेन स्नैचरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार हो रही छीनतई की घटनाओं से लोगों, खासकर मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाली महिलाओं और बुजुर्गों में दहशत का माहौल है। ताजा मामला सिदगोड़ा थाना क्षेत्र का है, जहां रविवार सुबह सूर्य मंदिर के पास मॉर्निंग वॉक कर रही एक महिला के गले से बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पीड़िता ने शोर मचाया, लेकिन तब तक अपराधी तेज रफ्तार बाइक से मौके से निकल चुके थे। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
सीसीटीवी में नहीं दिखे बदमाश, आसपास के कैमरों की जांच
घटना के बाद पीड़िता और स्थानीय लोगों ने सूर्य मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन उसमें अपराधियों की स्पष्ट तस्वीर नहीं मिल सकी। सूचना मिलने पर सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस अब आसपास के इलाकों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बाइक सवार बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। मामले की जांच विभिन्न पहलुओं से की जा रही है।
हाल ही में गिरफ्तार हुआ था गिरोह, फिर भी नहीं थम रहीं वारदातें
गौरतलब है कि हाल ही में जमशेदपुर पुलिस ने चेन छीनतई गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ और बरामदगी के दौरान एक आरोपी ने पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर फायरिंग कर दी थी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी थी। घायल आरोपी का फिलहाल एमजीएम अस्पताल में इलाज चल रहा है।
इसके बावजूद शहर में चेन स्नैचिंग की घटनाएं लगातार जारी हैं, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं। नागरिकों का कहना है कि सुबह और शाम के समय गश्त बढ़ाई जाए तथा संवेदनशील इलाकों में पुलिस की निगरानी मजबूत की जाए, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।