Neet Exam Update: प्रश्नपत्र लीक विवाद के बाद आयोजित हो रही NEET UG 2026 की पुनर्परीक्षा रविवार को देश और विदेश के विभिन्न केंद्रों पर कराई जा रही है. इस परीक्षा में 22.79 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं. कुल 564 शहरों में परीक्षा का आयोजन किया गया है. निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा के लिए इस बार कई नए कदम उठाए गए हैं.
प्रश्नपत्र की सुरक्षा के लिए पहली बार वायुसेना की मदद ली गई
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने इस बार प्रश्नपत्रों की सुरक्षा को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दी है. पहली बार भारतीय वायुसेना की मदद से प्रश्नपत्रों को अलग अलग क्षेत्रों तक पहुंचाया गया. इसके लिए वायुसेना के विमान और हेलिकॉप्टरों ने 200 से ज्यादा उड़ानें भरीं. प्रश्नपत्रों को 18 क्षेत्रीय केंद्रों तक वायुसेना और डाक विभाग के सहयोग से पहुंचाया गया. परीक्षा से जुड़े विशेषज्ञों को भी पूरी प्रक्रिया खत्म होने तक विशेष निगरानी में रखा गया है.
देशभर में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, हर गतिविधि पर नजर
परीक्षा को सुरक्षित बनाने के लिए दो लाख से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों और परीक्षा कर्मचारियों की तैनाती की गई है. वहीं तीन लाख से अधिक अधिकारी और कर्मचारी पूरे संचालन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. सभी केंद्रों पर स्थानीय पुलिस के साथ केंद्रीय सुरक्षा बल भी मौजूद हैं. जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं. अफवाहों और तकनीकी समस्याओं से निपटने के लिए साइबर विशेषज्ञों और निगरानी टीमों को भी सक्रिय रखा गया है.
परीक्षा से पहले मॉक ड्रिल के जरिए तैयारियों की समीक्षा की गई. देशभर में 95 हजार से ज्यादा कमरों में परीक्षा आयोजित की जा रही है. लगभग 1.38 लाख सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. इनकी मॉनिटरिंग राष्ट्रीय, राज्य और मंत्रालय स्तर पर की जा रही है ताकि किसी भी गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई की जा सके.
परीक्षा का समय, रिपोर्टिंग और जरूरी दस्तावेजों पर रखें ध्यान
इस बार परीक्षा की अवधि 15 मिनट बढ़ाई गई है. परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजकर 15 मिनट तक होगी. अभ्यर्थियों को सुबह 11 बजे से केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा. दोपहर 1 बजकर 30 मिनट के बाद किसी को भी प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी. इसलिए उम्मीदवारों को समय से पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है.
परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र के साथ फोटोयुक्त पहचान पत्र ले जाना अनिवार्य है. पहचान के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र या अन्य मान्य दस्तावेज दिखाए जा सकते हैं. इसके अलावा दो हालिया रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो भी साथ रखना जरूरी होगा. आवश्यक दस्तावेज नहीं होने पर परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने ड्रेस कोड को लेकर भी दिशा निर्देश जारी किए हैं. उम्मीदवारों को हल्के रंग की आधी बांह वाली शर्ट या टी शर्ट और साधारण पैंट पहनकर आने की सलाह दी गई है.