Giridih News : जिले के गांडेय थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक युवक से हथियार के बल पर 1.20 लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन और बाइक की चाबी लूट ली। वारदात उस समय हुई जब युवक अपने घर से ससुराल जा रहा था। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
सुनसान सड़क पर ओवरटेक कर की लूट
जानकारी के अनुसार, बेंगाबाद थाना क्षेत्र के महतोडीह निवासी मोहम्मद रुस्तम अंसारी अपनी बाइक से नगद राशि लेकर ससुराल बनसिमी जा रहे थे। इसी दौरान गिरिडीह-जामताड़ा मुख्य मार्ग पर कोयरीडीह मोड़ के पास बाइक सवार तीन अपराधियों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। बदमाशों ने हथियार दिखाकर उनसे 1.20 लाख रुपये, मोबाइल फोन और बाइक की चाबी छीन ली और मौके से फरार हो गए।
रिश्तेदारों को दी सूचना, मौके पर पहुंची पुलिस
घटना के बाद पीड़ित ने किसी तरह अपने रिश्तेदारों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही गांडेय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा किया गया है।