Jamshedpur News: जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र स्थित घोड़ाबांधा मेन रोड में देर रात हुई मारपीट की घटना के बाद क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है. पूर्वी घोड़ाबांधा पंचायत के वार्ड सदस्य राम कर्मकार पर कथित तौर पर चार लोगों ने हमला कर दिया, जिसमें उनका हाथ टूट गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है.
हमले में घायल हुए वार्ड सदस्य
जानकारी के अनुसार, पूर्वी घोड़ाबांधा पंचायत के 13 नंबर वार्ड के सदस्य राम कर्मकार पर देर रात चार असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया. हमले में उनका हाथ टूट गया. इसके बाद उन्हें तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के बाद वे देर रात अपने घर लौट आए.
इलाके में असामाजिक गतिविधियों से बढ़ी चिंता
स्थानीय लोगों का कहना है कि कमफूटा फुटबॉल मैदान और दुर्गा पूजा मैदान के आसपास रात के समय असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है. क्षेत्र में अक्सर मारपीट और विवाद की घटनाएं सामने आती रहती हैं, जिससे लोगों के बीच भय का माहौल बना हुआ है.
पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और इलाके में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि जब एक जनप्रतिनिधि ही हमले का शिकार हो रहे हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ना स्वाभाविक है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.