News 26 Impact : News 26 पर भोजन की गुणवत्ता को लेकर खबर प्रसारित होने के बाद राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। अस्पताल प्रबंधन ने उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है और भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही रोकने के लिए संबंधित कर्मचारियों एवं एजेंसियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं।
18 अटेंडेंट और 2 मरीज प्रभावित, सभी की हालत अब स्थिर
RIMS प्रशासन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, भोजन सेवन के बाद कुछ मरीजों और अटेंडेंटों में उल्टी एवं दस्त की शिकायत सामने आई थी। प्रारंभिक जांच में 18 अटेंडेंट और 2 मरीज प्रभावित पाए गए। सभी को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई और वर्तमान में सभी की स्थिति सामान्य तथा स्वास्थ्य में लगातार सुधार बताया गया है।
किचन मॉनिटरिंग कमेटी सक्रिय, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई
घटना के बाद RIMS प्रशासन ने किचन मॉनिटरिंग कमेटी को तत्काल प्रभाव से सक्रिय कर भोजन की गुणवत्ता, भंडारण, वितरण व्यवस्था और स्वच्छता मानकों की जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही PSM, मेडिसिन और माइक्रोबायोलॉजी विभाग के विशेषज्ञों की उच्चस्तरीय समिति भी मामले की जांच कर रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच में किसी कर्मचारी, संविदाकर्मी या एजेंसी की लापरवाही सामने आने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।