Hazaribagh: हजारीबाग के मटवारी स्थित गांधी मैदान के पास एक एटीएम में साइबर ठगों ने एक सेवानिवृत्त एलआईसी कर्मी को अपना शिकार बना लिया। ठगों ने एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे बुजुर्ग का कार्ड बदलकर उनके बैंक खाते से कुल 97 हजार रुपये निकाल लिए। घटना के बाद पीड़ित ने कोर्रा थाना में शिकायत दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित भगवान राम केनरा बैंक के एटीएम से नकदी निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद दो युवकों ने उनसे बातचीत शुरू कर दी। एक युवक ने मशीन में तकनीकी समस्या होने की बात कहकर उनका ध्यान भटकाया, जबकि दूसरा लगातार उनसे बातचीत करता रहा।
बातों में उलझाकर बदल दिया एटीएम कार्ड
इसी दौरान ठगों ने चालाकी से उनका एटीएम कार्ड बदल दिया और उसकी जगह दूसरा कार्ड थमा दिया। बुजुर्ग को इस बात का आभास नहीं हुआ और वे कार्ड जेब में रखकर घर लौट गए। कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर खाते से बड़ी रकम निकाले जाने का संदेश आया। पहले 70 हजार रुपये की निकासी का मैसेज मिला। इसकी जानकारी मिलते ही वे बैंक पहुंचे और अधिकारियों को पूरी घटना बताई।
जांच में खुली ठगी की परत
बैंक में जांच के दौरान पता चला कि उनके पास मौजूद एटीएम कार्ड किसी अन्य व्यक्ति के नाम का है। इसी बीच ठगों ने खाते से दूसरी बार भी निकासी कर ली। दोनों लेनदेन को मिलाकर खाते से कुल 97 हजार रुपये निकाल लिए गए। मामले की सूचना मिलने के बाद कोर्रा थाना पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस ने बैंक और एटीएम परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मांगी है। फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवकों की पहचान कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों को किया सतर्क
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि एटीएम का उपयोग करते समय किसी अजनबी की सहायता न लें और अपना एटीएम कार्ड या पिन किसी के साथ साझा न करें। किसी भी तरह की समस्या होने पर सीधे बैंक कर्मियों या आधिकारिक हेल्पलाइन से संपर्क करें, ताकि इस प्रकार की धोखाधड़ी से बचा जा सके।