Lucknow Fire: लखनऊ के अलीगंज स्थित पुरनिया इलाके में सोमवार को एक इमारत में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. इमारत में संचालित प्रशिक्षण केंद्र में मौजूद कई छात्र और अन्य लोग अंदर फंस गए. सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया.
आग लगते ही मची भगदड़, छत और छज्जे से कूदे लोग
आग की लपटों और धुएं से पूरी इमारत घिर गई, जिसके बाद इलाके में अफरा तफरी का माहौल बन गया. जान बचाने के लिए कुछ लोगों ने इमारत के छज्जे और छत से भी छलांग लगा दी. स्थानीय लोगों के अनुसार, इमारत में संचालित एक आईटी प्रशिक्षण केंद्र में मौजूद 10 से 12 लोग अंदर फंस गए थे. मौके पर दमकल की चार गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं.
मुख्यमंत्री योगी ने लिया घटना का संज्ञान
घटना की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए. साथ ही घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और पूरे मामले की लगातार निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए हैं.
मौके पर पहुंचा प्रशासन, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
घटना की सूचना पर जिला प्रशासन और फायर विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे. भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच बचाव अभियान जारी है. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है.