Koderma : कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना परसाबाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निकट हुई, जहां एक तेज रफ्तार कार और मोटरसाइकिल की भिड़ंत हो गई। घायल की पहचान मरकच्चो थाना क्षेत्र के खेसमी गांव निवासी 28 वर्षीय चंदन पांडेय के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि वह किसी कार्य से बाइक पर सवार होकर बरकट्ठा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक बलेनो कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
पैर में गंभीर चोट, सड़क पर तड़पता रहा युवक
दुर्घटना के बाद चंदन पांडेय सड़क पर गिर पड़े और उनके पैर में गंभीर चोट लग गई। हादसे के बाद कुछ समय तक वह घटनास्थल पर ही घायल अवस्था में पड़े रहे। मॉर्निंग वॉक के लिए निकले लोगों और आसपास के ग्रामीणों ने घायल युवक को देखा तो तुरंत उसकी सहायता के लिए आगे आए। स्थानीय लोगों के प्रयास से एंबुलेंस की व्यवस्था की गई और घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेजा गया।
एंबुलेंस की देरी पर ग्रामीणों ने जताई नाराजगी
घटना के दौरान एंबुलेंस के समय पर नहीं पहुंचने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी भी देखी गई। लोगों का कहना था कि आपात स्थिति में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सक्रिय होना चाहिए, ताकि घायलों को समय पर उपचार मिल सके। फिलहाल घायल युवक का उपचार कोडरमा सदर अस्पताल में किया जा रहा है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। वहीं घटना के संबंध में पुलिस आवश्यक जानकारी जुटाने में लगी हुई है।