Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-23

Jharkhand Weather Update: झारखंड में मानसून का असर तेज, रांची समेत कई जिलों में बारिश से मिली राहत, 28 जून तक बारिश और वज्रपात का अलर्ट

Jharkhand Weather Update: झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में सोमवार को हुई हल्की बारिश से मौसम सुहावना हो गया। रुक-रुक कर हुई बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाई। मौसम विभाग के अनुसार रांची में 1 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में सबसे अधिक 13.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। बारिश के असर से रांची का अधिकतम तापमान घटकर 28.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो पिछले 24 घंटे की तुलना में 4.7 डिग्री कम है।

28 जून तक बारिश और वज्रपात की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र ने 23 जून से 28 जून तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है। इस दौरान कई क्षेत्रों में मेघ गर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। संभावित खराब मौसम को देखते हुए विभाग ने पूरे राज्य के लिए यलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

बारिश के बीच बढ़ सकती है उमस
मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के अनुसार मंगलवार से अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। तापमान बढ़ने और वातावरण में नमी अधिक रहने के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। सोमवार को डालटनगंज राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

रांची में सामान्य बारिश, कई जिले अब भी सूखे
मानसून की शुरुआत के बाद राज्य में बारिश का वितरण असमान बना हुआ है। रांची में 1 जून से अब तक 118.2 मिमी वर्षा दर्ज हुई है, जो सामान्य वर्षापात 115.6 मिमी के लगभग बराबर है। वहीं गढ़वा, साहिबगंज और चतरा जैसे जिले अब भी अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। गढ़वा में केवल 1 मिमी, साहिबगंज में 3.2 मिमी और चतरा में 6.8 मिमी बारिश दर्ज हुई है। किसान अब खेती कार्यों में तेजी लाने के लिए अच्छी बारिश की उम्मीद लगाए हुए हैं।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !