Goilkera Illegal Sand: जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है. इसी अभियान के तहत झारखंड के पश्चिम सिंहभूम गोईलकेरा थाना क्षेत्र में महादेवशाल पेट्रोल पंप के पास जंगल और झाड़ियों के बीच छिपाकर रखे गए अवैध बालू से लदे तीन ट्रैक्टर ट्रॉली को खनन विभाग ने जब्त कर लिया.
जंगल में छिपाकर रखा गया था अवैध बालू
खनन विभाग की जांच के दौरान तीनों ट्रैक्टर ट्रॉली में बालू लदा मिला. अधिकारियों के अनुसार वाहन इस तरह खड़े किए गए थे ताकि उन पर आसानी से किसी की नजर न पड़े. कार्रवाई के दौरान मौके से तीनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया.
जांच में बरामद हुआ करीब 300 घनफीट बालू
जांच के दौरान प्रत्येक ट्रैक्टर ट्रॉली में लगभग 100 घनफीट बालू पाया गया. इस तरह कुल करीब 300 घनफीट अवैध बालू बरामद किया गया. जब्त किए गए सभी वाहनों को सुरक्षित रखा गया है और मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है.
अवैध खनन के खिलाफ आगे भी जारी रहेगा अभियान
जिला खनन पदाधिकारी मेघलाल टुडू के अनुसार जिले में अवैध खनन, खनिज भंडारण और बिना अनुमति खनिज परिवहन के खिलाफ नियमित रूप से सघन जांच अभियान चलाया जाएगा. प्रशासन का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.