Giridih News : जिले के गांडेय थाना क्षेत्र के बिस्वासडीह जंगल से तीन दिनों से लापता एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ओझाडीह निवासी शिवलाल मुर्मू के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद गांडेय थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
तीन दिन से घर से लापता था युवक
पुलिस जांच के दौरान मृतक की पहचान ओझाडीह निवासी शिवलाल मुर्मू (पिता जदू मुर्मू) के रूप में हुई। मृतक के भाई तुथा मुर्मू ने बताया कि शिवलाल मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसे मिर्गी की बीमारी भी थी। वह पिछले तीन दिनों से घर से लापता था, जिसकी परिजन लगातार तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारण का खुलासा
मंगलवार को स्थानीय लोगों ने बिस्वासडीह जंगल में एक शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमित कुमार चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में शव करीब तीन से चार दिन पुराना बताया जा रहा है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई।