Chandil: मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर चांडिल अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में मंगलवार को अनुमंडल सभागार में एसडीओ की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीओ ने बताया कि आगामी 26 जून (शुक्रवार) को मुहर्रम पर्व मनाया जाएगा। इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारा कायम रखने और पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अफवाहों से दूर रहने की अपील
एसडीओ ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक संदेश साझा करने से बचें। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन सभी के लिए अनिवार्य है और उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सभी चार प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया कि कर्बला, ताजिया जुलूस मार्ग और कार्यक्रम स्थलों पर पेयजल की समुचित व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील
एसडीओ ने आम लोगों से मुहर्रम को भाईचारे, शांति और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों का सम्मान करते हुए त्योहार को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मुहर्रम के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।