Ichagarh News: सरायकेला जिले के चांडिल अनुमंडल वन क्षेत्र के अंतर्गत ईचागढ़ प्रखंड के मौसाढ़ा गांव में मंगलवार देर रात हाथी के आतंक का एक गंभीर घटना सामने आई। ग्रामीणों के अनुसार भोजन और पानी की तलाश में हाथियों का झुंड गांव में घुस आया। इस दौरान हाथियों ने दो मकानों की दीवारें क्षतिग्रस्त कर दीं। दीवार गिरने से घर का मलबा एक महिला पर आ गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल उसे मलबे से निकालकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
हाथी आतंक से सहमे ग्रामीण, सुरक्षा पर उठे सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों का लगातार आतंक बना हुआ है और आए दिन हाथी-मानव संघर्ष की घटनाएं हो रही हैं। इससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है और रात के समय भय का माहौल बना रहता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना देने के बावजूद वन विभाग का कोई अधिकारी या कर्मी मौके पर नहीं पहुंचा।
वन विभाग से ठोस कार्रवाई की मांग
लगातार हो रही घटनाओं से मौसाढ़ा समेत आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी उपाय करने, निगरानी बढ़ाने और आपात स्थिति में त्वरित रेस्क्यू टीम भेजने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में और बड़े हादसे हो सकते हैं।