Seraikela Breaking: सरायकेला-टाटा मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति ने बुधवार को एक और जान ले ली. जिला समाहरणालय के समीप टीवीएस शोरूम के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से स्कूटी सवार सुलेखा महतो की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए.
महिला को नहीं मिला संभलने का मौका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना इतनी भीषण थी कि महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला. घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर वाहन और चालक की पहचान करने में जुटी है.
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई. लोगों का कहना है कि सरायकेला-टाटा मुख्य मार्ग लंबे समय से गड्ढों और उखड़ी हुई सतह के कारण खतरनाक बना हुआ है. सड़क पर ओवरलोड वाहनों की लगातार आवाजाही भी दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बन रही है.
शिकायत के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा रही
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई. उनका कहना है कि प्रशासन और संबंधित विभाग की लापरवाही के कारण आए दिन लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं. लोगों ने सड़क की तत्काल मरम्मत, ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, दुर्घटना संभावित स्थानों पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की है.
जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं और मौतों को लेकर लोगों में प्रशासन के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो ऐसे हादसे आगे भी लोगों की जान लेते रहेंगे.