Ranchi News : राजधानी रांची के ओसीसी कंपाउंड स्थित बंगला स्कूल के पीछे बने श्रीपति लाल अपार्टमेंट में बुधवार तड़के शॉर्ट सर्किट से आग लगने की घटना सामने आई। सुबह करीब पांच बजे लगी आग से अपार्टमेंट में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि स्थानीय लोगों की सतर्कता और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बेसमेंट के मीटर पैनल से उठीं आग की लपटें, दमकल टीम ने 20 मिनट में पाया काबू
जानकारी के अनुसार आग अपार्टमेंट के बेसमेंट के पास लगे बिजली के मीटर पैनल में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। देखते ही देखते आग की लपटें लिफ्ट के हिस्से तक पहुंच गईं। धुआं फैलने से अपार्टमेंट में रहने वाले लोग घबरा गए और सुरक्षा के लिए अपने-अपने फ्लैटों से बाहर निकल आए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब 15 से 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते कार्रवाई होने से आग अन्य हिस्सों में फैलने से रोक दी गई।
पुलिस ने लिया घटनास्थल का जायजा
आग लगने की सूचना मिलने पर डेली मार्केट थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि विद्युत सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई लापरवाही तो नहीं हुई थी।