IAS Pankaj Agarwal: IDFC First Bank और AU Small Finance Bank से जुड़े 661 करोड़ रुपये के चर्चित बैंक घोटाले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी पंकज अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि सीबीआई ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर की है. मामले ने हरियाणा के प्रशासनिक गलियारों के साथ-साथ झारखंड के धनबाद में भी हलचल पैदा कर दी है, जहां उनका पैतृक परिवार रहता है.
अदालत ने दो दिन की सीबीआई रिमांड पर भेजा
गिरफ्तारी के बाद मंगलवार को पंकज अग्रवाल को पंचकूला स्थित विशेष अदालत में पेश किया गया. सुनवाई के दौरान अदालत ने उन्हें दो दिन की सीबीआई रिमांड पर भेज दिया, ताकि जांच एजेंसी मामले में उनकी भूमिका को लेकर विस्तृत पूछताछ कर सके. पंकज अग्रवाल वर्तमान में हरियाणा सरकार के स्थापत्य विभाग में प्रधान सचिव के पद पर कार्यरत हैं. हालांकि, सीबीआई ने अब तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि उन्हें किस स्थान से हिरासत में लिया गया.
धनबाद में रह रहे परिवार की प्रतिक्रिया आई सामने
गिरफ्तारी की खबर सामने आते ही धनबाद के महुदा स्थित मारवाड़ी कॉलोनी में रहने वाले उनके परिवार की प्रतिक्रिया भी सामने आई. उनके बड़े भाई नंदकिशोर अग्रवाल ने कहा कि उन्हें इस कार्रवाई की जानकारी मीडिया के माध्यम से मिली. उन्होंने दावा किया कि उनके भाई को एक सुनियोजित साजिश के तहत मामले में फंसाया जा रहा है.
नंदकिशोर अग्रवाल ने कहा कि पंकज अग्रवाल का पूरा प्रशासनिक करियर बेदाग रहा है और उन्होंने हमेशा ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाई हैं. उनके अनुसार परिवार को न्यायिक प्रक्रिया पर पूरा भरोसा है और उन्हें विश्वास है कि जांच पूरी होने के बाद सच्चाई सामने आएगी.
उन्होंने बताया कि परिवार में कुल पांच भाई हैं और पंकज सबसे छोटे हैं. परिवार के सदस्य देश के अलग-अलग हिस्सों में व्यवसाय और अन्य कार्यों से जुड़े हुए हैं. प्रशासनिक जिम्मेदारियों के कारण पिछले कुछ वर्षों में पंकज का धनबाद आना-जाना भी काफी कम हो गया था और परिवार से बातचीत भी सीमित हो गई थी.
सीबीआई की जांच जिस मामले से जुड़ी है, वह 661 करोड़ रुपये के कथित बैंक घोटाले का है. जांच एजेंसी वित्तीय लेन-देन, बैंकिंग प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं और संभावित मिलीभगत की पड़ताल कर रही है. आरोप है कि इस पूरे नेटवर्क में बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े कुछ प्रभावशाली लोगों की भूमिका रही है.
सीबीआई विभिन्न पहलुओं पर करेगी पूछताछ
अब सीबीआई रिमांड के दौरान पंकज अग्रवाल से घोटाले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ करेगी. जांच एजेंसी यह जानने की कोशिश कर रही है कि इस कथित वित्तीय घोटाले में उनकी क्या भूमिका रही और क्या मामले से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने में उनसे महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है. फिलहाल पूरे प्रकरण पर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों की नजर बनी हुई है.