Jamshedpur News: जमशेदपुर में मुहर्रम पर्व के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्वी सिंहभूम के उत्पाद विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया है। सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देश पर बुधवार, 24 जून को जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के कुम्हारपाड़ा, स्लैग रोड और बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के ट्यूब गेट व हरिजन बस्ती स्थित संदिग्ध ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य पर्व के दौरान अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर पूरी तरह से अंकुश लगाना है।
27.75 लीटर विदेशी और 106.5 लीटर चुलाई शराब जब्त
इस विशेष छापेमारी अभियान के दौरान विभाग की टीम ने कुल 27.75 लीटर अवैध विदेशी शराब और 106.5 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है। इस दौरान बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के ट्यूब गेट हरिजन बस्ती स्थित एक बिक्री केंद्र से सुशांत मुखी नामक एक व्यक्ति को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। उत्पाद विभाग की टीम ने अकेले उसके पास से 7.5 लीटर विदेशी शराब और 30 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की है।
झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत केस दर्ज
उत्पाद विभाग ने पकड़े गए आरोपी के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जबकि अन्य फरार कारोबारियों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। विभाग के अधिकारियों ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि शांति व्यवस्था भंग करने वाले और अवैध शराब के काले कारोबार में लिप्त लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा तथा यह दंडात्मक अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।