Jamshedpur News: रेलवे कर्मचारियों को आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के लिए तैयार करने के उद्देश्य से जोनल प्रशिक्षण संस्थान सिनी में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम में टाटानगर रेल सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने अतिथि व्याख्याता के रूप में भाग लिया. प्रशिक्षण में ईस्ट कोस्ट रेलवे, दक्षिण पूर्व रेलवे और दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के कुल 490 रेलकर्मियों ने हिस्सा लिया.
आपदा के दौरान गोल्डेन आवर से लेकर फायर फाइटिंग तक दी गई जानकारी
प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा के साथ हुई. इस दौरान संस्थान के प्राचार्य, उप प्राचार्य, मुख्य अनुदेशक सहित कई अधिकारी मौजूद रहे. संतोष कुमार ने डिजिटल प्रेजेंटेशन के माध्यम से आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी.
उन्होंने दुर्घटना के बाद गोल्डेन आवर में किए जाने वाले कार्य, एंबुलेंस सेवा, ट्रायेज प्रणाली, प्राथमिक उपचार, फर्स्ट एडर और ड्रेसर की भूमिका, सीपीआर, सर्पदंश एवं कुत्ते के काटने की स्थिति में बचाव उपायों के साथ फायर फाइटिंग से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया.
अधिक संख्या में पहुंचे प्रतिभागी, दो शिफ्ट में चला सत्र
सभागार में बड़ी संख्या में रेलकर्मियों की उपस्थिति के कारण प्रशिक्षण सत्र दो शिफ्ट में आयोजित किया गया. कार्यक्रम में रिफ्रेशर स्टेशन मैनेजर, रिफ्रेशर ट्रेन मैनेजर, प्रो स्टेशन मैनेजर, प्रो सहायक लोको पायलट स्पेशल, प्रो पॉइंट्समैन और प्रो पैसेंजर ट्रेन मैनेजर समेत विभिन्न श्रेणियों के रेलकर्मी शामिल हुए.
प्रतिभागियों ने की प्रशिक्षण पद्धति की सराहना
प्रशिक्षण के दौरान अपनाई गई सरल, रोचक और व्यावहारिक शैली को प्रतिभागियों ने काफी सराहा. रेलकर्मियों ने इसे अपने कार्यक्षेत्र में उपयोगी और मददगार बताया. कार्यक्रम के अंत में संस्थान के मुख्य अनुदेशक ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया.