Jamshedpur: जमशेदपुर में बुधवार को पेट्रोल और डीजल की कमी की अफवाह फैलने के बाद कई पेट्रोल पंपों पर अचानक भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शहर के विभिन्न इलाकों में लोगों ने जल्दबाजी में अपने वाहनों में जरूरत से ज्यादा पेट्रोल और डीजल भरवाना शुरू कर दिया, जिससे कई पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गईं।जानकारी के अनुसार, सुबह शहर के आधा दर्जन से अधिक पेट्रोल पंपों पर ईंधन का स्टॉक अस्थायी रूप से समाप्त हो गया था। जैसे ही यह खबर लोगों तक पहुंची, बड़ी संख्या में वाहन चालक उन पेट्रोल पंपों की ओर पहुंचने लगे जहां पेट्रोल और डीजल उपलब्ध था। अचानक बढ़ी मांग के कारण कुछ अन्य पेट्रोल पंपों का स्टॉक भी तेजी से खत्म हो गया।
पैनिक बाइंग से बढ़ी समस्या
लेकिन न्यूज 26 की टीम ने कुछ पेट्रोल पंप संचालकों से बात की जिसके बाद उनका कहना है कि ईंधन की कोई वास्तविक कमी नहीं है, लेकिन अफवाह के कारण लोगों ने सामान्य जरूरत से अधिक पेट्रोल और डीजल खरीदना शुरू कर दिया। इसी वजह से कई स्थानों पर आपूर्ति और मांग के बीच अस्थायी असंतुलन की स्थिति बन गई। कई पेट्रोल पंप प्रबंधकों ने स्पष्ट किया है कि शहर में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सामान्य है। उनका कहना है कि कुछ दिन पहले भी इसी तरह की स्थिति बनी थी, जब अफवाहों के कारण लोग पैनिक हो गए थे। उन्होंने कहा कि ईंधन खत्म होने जैसी कोई स्थिति नहीं है और नियमित आपूर्ति जारी है।
लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
न्यूज़26 की ओर से आम लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करें और घबराहट में अनावश्यक रूप से पेट्रोल-डीजल का भंडारण न करें। ईंधन की उपलब्धता सामान्य है और आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से जारी है। फिलहाल जिन पेट्रोल पंपों पर ईंधन उपलब्ध है, वहां वाहनों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। हालांकि पंप संचालकों का कहना है कि जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी और सभी पंपों पर नियमित आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।