Jharkhand News: झारखंड के सरकारी विभागों में समयपालन और कार्य संस्कृति को लेकर बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. राज्य सरकार की डिजिटल निगरानी व्यवस्था के तहत गुरुवार को विभिन्न विभागों में कुल 1,28,748 सक्रिय कर्मचारी सेवा देते हुए दर्ज किए गए. कर्मचारियों का औसत इन टाइम सुबह 10:20 बजे रिकॉर्ड किया गया, जो सरकारी कार्यालयों में समय की पाबंदी को लेकर सकारात्मक संकेत माना जा रहा है.
41 हजार से अधिक कर्मचारी कार्यालय में मौजूद
रियल-टाइम मॉनिटरिंग डेटा के अनुसार, राज्यभर में 41,454 कर्मचारी सीधे कार्यालयों में उपस्थित होकर काम कर रहे हैं. कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए 2,854 बायोमेट्रिक डिवाइस सक्रिय हैं. डिजिटल प्रणाली का औसत रिस्पॉन्स टाइम मात्र 3.75 सेकंड दर्ज किया गया है, जिससे हाजिरी प्रक्रिया तेज और पारदर्शी बनी हुई है.
शाम तक बनी रहती है उपस्थिति
सरकार की निगरानी व्यवस्था का असर सिर्फ समय पर कार्यालय पहुंचने तक सीमित नहीं है. आंकड़ों के मुताबिक कर्मचारियों का औसत आउट टाइम शाम 4:49 बजे दर्ज किया गया है. इससे स्पष्ट है कि कर्मचारी कार्यालय समय के दौरान अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं और समय से पहले कार्यालय छोड़ने की प्रवृत्ति में कमी आई है.
डिजिटल निगरानी से बढ़ी कार्यक्षमता
राज्य सरकार की डिजिटल उपस्थिति प्रणाली ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली में अनुशासन बढ़ाने का काम किया है. अधिकारियों का मानना है कि इससे फाइलों के निपटारे की गति बढ़ी है और आम लोगों को सरकारी कार्यालयों में अपने काम के लिए अनावश्यक इंतजार नहीं करना पड़ रहा है. तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था सरकारी तंत्र को अधिक जवाबदेह और प्रभावी बनाने में अहम भूमिका निभा रही है.