Jamshedpur News: मानगो थाना क्षेत्र के मानगो बाजार में पिछले डेढ़ महीने से बिजली के तार चोरी होने की लगातार घटनाएं सामने आ रही हैं। बार-बार हो रही चोरी से स्थानीय दुकानदारों में नाराजगी है और उन्होंने पुलिस व बिजली विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।
बार-बार काटकर ले जा रहे बिजली के तार
स्थानीय लोगों के अनुसार, चोर देर रात दुकानों के बाहर लगे बिजली विभाग के तार काटकर ले जाते हैं। चोरी के बाद विभाग की ओर से दोबारा तार लगाए जाते हैं, लेकिन कुछ दिनों के भीतर फिर वही घटना दोहरा दी जाती है।
दुकानदारों ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप
दुकानदारों का कहना है कि लगातार चोरी की शिकायत मानगो थाना में की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उनका आरोप है कि न तो इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाई गई और न ही चोरों की गिरफ्तारी के लिए कोई विशेष अभियान चलाया गया, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं।
नए तार लगाने के नाम पर पैसे मांगने का आरोप
व्यापारियों ने यह भी आरोप लगाया कि हर बार चोरी के बाद नए बिजली के तार लगाने के लिए बिजली विभाग के कुछ कर्मचारियों द्वारा उनसे पैसे की मांग की जाती है। इससे दुकानदारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। स्थानीय दुकानदारों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही बिजली विभाग से बिना अतिरिक्त शुल्क के क्षतिग्रस्त तारों को बदलने और व्यवस्था को दुरुस्त करने की भी अपील की है।