Jamhsedpur: कदमा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह मॉर्निंग वॉक से लौट रही एक बुजुर्ग महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने सोने की चेन झपट ली। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले को लेकर पीड़िता ने कदमा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार कदमा स्थित अनिल सूर पथ मुख्य रोड निवासी 62 वर्षीय आलो चटर्जी बुधवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए नाना-नानी पार्क गई थीं। टहलने के बाद जब वह वापस अपने घर लौटीं और घर के गेट के सामने खड़ी थीं, तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे।
पता पूछने के दौरान झपटी सोने की चेन
पीड़िता के अनुसार दोनों युवकों ने पहले उनसे किसी पते के बारे में पूछताछ शुरू की। बातचीत के दौरान पीछे बैठे युवक ने अचानक झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पातीं, दोनों आरोपी तेज रफ्तार बाइक से फरार हो गए। महिला ने बताया कि आरोपी काले रंग की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल पर सवार थे। दोनों ने काले रंग की शर्ट पहन रखी थी, जबकि बाइक चालक हेलमेट लगाए हुए था। दोनों युवक हिंदी भाषा में बातचीत कर रहे थे। पीड़िता का कहना है कि सामने आने पर वह आरोपियों की पहचान कर सकती हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद कदमा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। दिनदहाड़े हुई इस चेन स्नैचिंग की घटना के बाद इलाके के लोगों में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।