IB Director Appointment: केंद्र सरकार ने देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था और वीवीआईपी सुरक्षा से जुड़े दो अहम प्रशासनिक फैसले लिए हैं। कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के दो वरिष्ठ अधिकारियों की नियुक्ति और सेवा विस्तार को मंजूरी प्रदान कर दी है। इस संबंध में कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है। सरकार के आदेश के अनुसार वर्ष 1993 बैच के आंध्र प्रदेश कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी महेश दीक्षित को देश की प्रमुख खुफिया एजेंसी इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) का नया निदेशक नियुक्त किया गया है। वर्तमान में वह इसी एजेंसी में विशेष निदेशक (स्पेशल डायरेक्टर) के रूप में कार्यरत हैं। उनका कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तिथि से दो वर्ष तक या अगले आदेश जारी होने तक प्रभावी रहेगा। वह मौजूदा आईबी निदेशक तपन कुमार डेका का स्थान लेंगे।
31 मार्च 2027 तक जारी रहेगा कार्यकाल
केंद्र सरकार ने एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय में विशेष सुरक्षा समूह (SPG) के निदेशक आलोक शर्मा के कार्यकाल को आगे बढ़ाने की मंजूरी दी है। एसपीजी देश के प्रधानमंत्री तथा अन्य निर्धारित विशिष्ट व्यक्तियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाली प्रमुख सुरक्षा एजेंसी है। जारी आदेश के मुताबिक आलोक शर्मा का कार्यकाल नौ महीने के लिए बढ़ाया गया है। उनका सेवा विस्तार 1 जुलाई 2026 से लागू होगा और 31 मार्च 2027 तक प्रभावी रहेगा। इस निर्णय के साथ सरकार ने वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था में नेतृत्व की निरंतरता बनाए रखने पर जोर दिया है।
दो अहम फैसलों को सुरक्षा व्यवस्था से जोड़ा जा रहा
केंद्र सरकार के इन दोनों निर्णयों को देश की आंतरिक सुरक्षा और संवेदनशील सुरक्षा तंत्र को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इंटेलिजेंस ब्यूरो और विशेष सुरक्षा समूह जैसी प्रमुख एजेंसियों में अनुभवी अधिकारियों की नियुक्ति और सेवा विस्तार से सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।