Giridih: गिरिडीह जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में गुरुवार को बेंगाबाद प्रशासन ने मोतीलेदा बालू घाट पर छापेमारी कर अवैध रूप से बालू ढो रहे एक ट्रैक्टर को जब्त किया। हालांकि कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश करने लगा, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार, बेंगाबाद के अंचल अधिकारी (सीओ) सफी आलम के नेतृत्व में मोतीलेदा बालू घाट पर अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना वैध दस्तावेज के बालू का परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया।
थाना ले जाते समय चालक ने भागने का किया प्रयास
प्रशासनिक कार्रवाई के तहत जब्त ट्रैक्टर को थाना ले जाया जा रहा था। वाहन की निगरानी के लिए एक चौकीदार भी ट्रैक्टर पर मौजूद था। इसी दौरान चालक ने अचानक ट्रैक्टर को तेज गति से भगाने का प्रयास किया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। भागने के दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। तेलोनारी गांव के समीप ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। दुर्घटना के बावजूद चालक और ट्रैक्टर पर सवार चौकीदार सुरक्षित बच गए। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही बेंगाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि जब्त वाहन को लेकर भागने की कोशिश क्यों की गई और इसमें किन लोगों की भूमिका रही। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप का माहौल है।