Jharkhand Crime News: झारखंड में एक बार फिर दो कुख्यात आपराधिक गिरोहों के बीच टकराव की आशंका गहरा गई है. कोयलांचल समेत राज्य के कई इलाकों में सक्रिय गैंगस्टर प्रिंस खान और उसके प्रतिद्वंद्वी राहुल सिंह गिरोह के बीच सोशल मीडिया पर खुली जुबानी जंग शुरू हो गई है. राहुल सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर प्रिंस खान को सीधे जान से मारने की धमकी दी है.
सोशल मीडिया पोस्ट में दी खुली चुनौती
राहुल सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा कि "प्रिंस खान तैयार रहो, मेरा देश, मेरा काम और मेरे लोगों से उलझने का परिणाम जल्द मिलेगा. दुनिया के जिस कोने में रहोगे, वहीं मारेंगे. दूसरों के परिवार की चिंता करने से पहले अपने परिवार को संभाल लो और जितना सुरक्षित करना है कर लो. जल्द ही तुम्हारा हिसाब होगा."
धनबाद से पाकिस्तान तक पीछा करने की धमकी
राहुल सिंह ने अपनी पोस्ट में धनबाद का जिक्र करते हुए आगे लिखा कि "प्रिंस खान होश में रहना, धनबाद से मारते-मारते पाकिस्तान पहुंच जाएंगे." इस पोस्ट के सामने आने के बाद दोनों गिरोहों के बीच तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.
सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
सोशल मीडिया पर खुलेआम दी गई इस धमकी के बाद झारखंड में सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं. माना जा रहा है कि दोनों गैंगों के बीच बढ़ता विवाद कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बन सकता है. फिलहाल इस मामले को लेकर पुलिस और खुफिया एजेंसियां सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं.