Ranchi News : राज्यसभा चुनाव के दौरान हुई क्रॉस वोटिंग को लेकर झारखंड महागठबंधन में पैदा हुई तल्खियां अब कम होती नजर आ रही हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और अन्य सहयोगी दलों ने 2029 के चुनाव को लेकर फिर से एकजुट होने के संकेत दिए हैं।
राज्यसभा चुनाव के बाद बढ़ी थी गठबंधन में खटास
राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने राजद और सीपीआई(एमएल) पर क्रॉस वोटिंग का आरोप लगाया था। कांग्रेस का कहना था कि इसी वजह से भाजपा समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी चुनाव जीत गए, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद महागठबंधन के नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला और गठबंधन धर्म नहीं निभाने तक के आरोप लगाए गए।
पुराने विवाद भुलाकर चुनावी तैयारी पर जोर
बदले राजनीतिक माहौल में झामुमो ने कहा है कि महागठबंधन वर्ष 2029 के चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। कांग्रेस ने भी पुराने विवादों को पीछे छोड़कर आगे बढ़ने की बात कही है। वहीं राजद ने "रात गई, बात गई" कहकर स्पष्ट संकेत दिया कि अब गठबंधन का पूरा ध्यान आगामी चुनाव की रणनीति और संयुक्त तैयारी पर रहेगा। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सहयोगी दलों के फिर से एक मंच पर आने से विपक्ष आगामी चुनावों में साझा रणनीति के साथ आगे बढ़ने की कोशिश करेगा।