Deoghar Cyber Fraud Case: देवघर में एक व्यक्ति को बेटी की शादी के लिए विज्ञापन देना काफी महंगा पड़ गया। उनके साथ साइबर अपराधियों ने लगभग 33 हजार रुपये की ठगी कर ली। जालसाजों ने धोखे से उनके खाते की जानकारी लेकर करीब 33 हजार रुपये निकाल लिये।
पीड़ित व्यक्ति ने बताया कि उन्होंने बेटी की शादी के लिए एक मैरेज एजेंसी पर विज्ञापन दिया था। इसके बाद एक व्यक्ति ने कॉल कर खुद को केंद्र सरकार में एक बड़ा पदधारक बताते हुए उनसे बातचीत शुरू की। धीरे-धीरे बातचीत होते-होते दोनों तरफ से करीबी बढ़ गयी। इस बीच ठगों ने लड़की की शैक्षणिक योग्यता के सारे कागजात पीड़ित को झांसा देकर मांग लिये।
बताया गया कि लड़की बीटेक है और उसे अच्छे पद पर जॉब लगवा देगा। शैक्षणिक योग्यता के कागजात लेने के बाद आरोपियों ने पीड़ित को झांसा देकर उसके एकाउंट से 33495 रुपये की निकासी कर ली।
शुक्रवार दोपहर में पीड़ित मामले की शिकायत करने साइबर थाना पहुंचे। इस संबंध में उन्होंने एसबीआई को भी फ्रॉड ट्रांजेक्शन की शिकायत कर दी है। मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग करते हुए ठगी की रकम वापस दिलाने का आग्रह किया गया है।
इधर, शहर के देवीपुर थाना क्षेत्र के अमजोरा गांव की रहने वाली एक महिला के झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक एकाउंट से भी अवैध निकासी किये जाने का मामला सामने आया है। किसी अज्ञात ने पीड़िता के बैंक खाते से 10 हजार रुपये निकाल लिये हैं। इस संबंध में पीड़ित महिला पार्वती देवी परिजन के साथ शुक्रवार को शिकायत करने साइबर थाना पहुंची। पीड़ित महिला ने बताया कि बेटी की शादी होने वाली है और इसी को लेकर एकाउंट जांच कराने बैंक गयी थी, जहां पता चला कि करीब 10 माह पहले एकाउंट से 10 हजार रुपये की निकासी हो गयी है। आशंका है कि सीएसपी में अंगूठा लेकर किसी ने उसके जीआरजी बैंक एकाउंट से अवैध निकासी कर ली। मामले में शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।