Jharkhand News: झारखंड में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आधारभूत सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से संचालित केंद्र प्रायोजित एक्सटेंडेड स्पेशल इंफ्रास्ट्रक्चर स्कीम (SIS) 2022-26 की अवधि बढ़ाने को लेकर राज्य सरकार ने अहम बैठक बुलाई है. इस योजना को एक वर्ष के लिए आगे बढ़ाने के प्रस्ताव पर 1 जुलाई को राज्य स्तरीय समिति विचार करेगी.
दोपहर 3:30 बजे होगी बैठक
गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में यह बैठक 1 जुलाई को दोपहर 3:30 बजे उनके कार्यालय कक्ष में आयोजित की जाएगी. बैठक में योजना की प्रगति, अवधि विस्तार और इससे जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी.
कई वरिष्ठ अधिकारी रहेंगे मौजूद
बैठक में पुलिस मुख्यालय के अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) सह नोडल पदाधिकारी (LWE), पुलिस महानिरीक्षक (प्रोविजन), वित्त विभाग के सचिव तथा झारखंड पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड के मुख्य अभियंता सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे.
योजना विस्तार के साथ अन्य बिंदुओं पर भी होगी चर्चा
बैठक का मुख्य एजेंडा एसआईएस योजना की अवधि एक वर्ष तक बढ़ाने के प्रस्ताव पर निर्णय लेना है. इसके अलावा योजना के क्रियान्वयन, वित्तीय प्रावधान और अन्य प्रशासनिक पहलुओं की भी समीक्षा की जाएगी. गृह विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय पर बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया है.