Karnataka Road Accident: कर्नाटक के कोप्पल जिले में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में पांच श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब हावेरी जिले से मंत्रालयम दर्शन के लिए जा रही श्रद्धालुओं की ओमनी वैन को राष्ट्रीय राजमार्ग-63 पर एक अनियंत्रित अशोक लेलैंड मालवाहक वाहन ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
अनियंत्रित मालवाहक डिवाइडर पार कर वैन से टकराया
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना कुकनूर तालुक के भानापुर क्षेत्र में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मालवाहक वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा, डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गया और सीधे ओमनी वैन से टकरा गया। हादसे में वैन सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
एक ही गांव के पांच श्रद्धालुओं की मौत
मृतकों की पहचान केन्चम्मा बालेकायी (35), अमृता कोट्याल (25), रमेश बल्लारी (45), प्रवीण बालेकायी (40) और चिन्मय के रूप में हुई है। सभी हावेरी जिले के रट्टीहल्ली तालुक के कब्बार गांव के निवासी थे और धार्मिक यात्रा पर निकले थे। एक ही गांव के कई लोगों की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
चार घायल अस्पताल में भर्ती, कई की हालत गंभीर
हादसे में घायल चार लोगों को स्थानीय लोगों और बचाव दल की मदद से तत्काल कोप्पल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों की विशेष टीम उनका इलाज कर रही है और जरूरत पड़ने पर उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया जा सकता है।
चालक का नियंत्रण खोना माना जा रहा हादसे की वजह
घटना की सूचना मिलते ही कुकनूर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में चालक के वाहन पर नियंत्रण खोने को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।