Tata Steel Recruitment: टाटा स्टील के वेस्ट बोकारो डिवीजन ने कर्मचारियों के आश्रितों के लिए एचईएमएम (HEMM) ऑपरेटर ट्रेनी पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। इच्छुक अभ्यर्थी 27 जून तक आवेदन जमा कर सकते हैं। भर्ती प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन परीक्षा जुलाई अथवा अगस्त 2026 में आयोजित किए जाने की संभावना है। इस भर्ती के लिए वही उम्मीदवार आवेदन करने के पात्र होंगे जिन्होंने मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण की हो और उनके पास वैध हेवी मोटर व्हीकल (HMV) ड्राइविंग लाइसेंस मौजूद हो। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति एनसी-7 ग्रेड में की जाएगी।
आकर्षक वेतनमान के साथ मिलेगी नौकरी
चयनित उम्मीदवारों को एनसी-7 ग्रेड के तहत 23,495 रुपये से 33,995 रुपये प्रतिमाह तक का वेतन मिलेगा। इसके अलावा 740 रुपये वार्षिक वेतनवृद्धि (इंक्रीमेंट) का भी प्रावधान रखा गया है। भर्ती प्रक्रिया में वेस्ट बोकारो डिवीजन के कर्मचारियों के पुत्र, पुत्री, भाई तथा ऐसी स्थिति में दामाद भी आवेदन कर सकेंगे, जब संबंधित कर्मचारी का कोई पुत्र नहीं हो।
आयु सीमा और चयन प्रक्रिया की जानकारी
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु 1 अगस्त 2026 तक न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित उम्मीदवारों को पहले प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसके दौरान उन्हें स्टाइपेंड भी मिलेगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद नियमित नियुक्ति प्रदान की जाएगी। यह भर्ती विशेष रूप से उन कर्मचारियों के परिवारों के लिए आयोजित की जा रही है, जिन्होंने वेस्ट बोकारो डिवीजन में 30 वर्ष की सेवा पूरी की है। ऐसे कर्मचारियों के पात्र आश्रित इस प्रक्रिया के माध्यम से नौकरी पाने का अवसर प्राप्त कर सकेंगे।