Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-27

Jamshedpur News: टाटा स्टील प्लांट में ड्यूटी के दौरान कर्मचारी की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

Jamshedpur: टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट में शुक्रवार सुबह एक दुखद घटना सामने आई। कंपनी के फायर ब्रिगेड विभाग में ड्राइवर-कम-पंप ऑपरेटर (डीसीपीओ) के पद पर कार्यरत 49 वर्षीय वैद्यनाथ गिरी की ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से प्लांट परिसर में शोक का माहौल है।

सत्तू पीकर घर से निकले, रोज की तरह शुरू किया काम
बताया गया कि बिष्टुपुर स्थित एसएनटीआई क्वार्टर में रहने वाले वैद्यनाथ गिरी शुक्रवार सुबह पहली पाली की ड्यूटी के लिए समय पर प्लांट पहुंचे थे। घर से निकलने से पहले उन्होंने सत्तू पिया था। सुबह छह बजे ड्यूटी ज्वाइन करने के बाद उन्होंने रोजमर्रा की तरह फायर ब्रिगेड की गाड़ियों का निरीक्षण किया, उन्हें स्टार्ट कर तकनीकी जांच की और अन्य आवश्यक कार्यों में जुट गए। करीब 6:20 बजे उन्होंने अपने साथ काम कर रहे कर्मचारियों से कहा कि उनकी तबीयत ठीक महसूस नहीं हो रही है। सहकर्मियों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी और रेस्ट रूम में भेज दिया। कुछ देर बाद रेस्ट रूम में उनकी हालत अचानक गंभीर हो गई। वहां मौजूद कर्मचारियों ने देखा कि उनके मुंह से झाग निकल रहा है, जिसके बाद तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना दी गई।

टीएमएच ले जाया गया, लेकिन नहीं बच सकी जान
सूचना मिलते ही कंपनी की टीम उन्हें तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल लेकर पहुंची। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें बचाने के लिए सीपीआर सहित आवश्यक चिकित्सीय प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। सुबह लगभग 7:15 बजे चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार डॉक्टरों ने आशंका जताई है कि उनकी मौत हृदयाघात (हार्ट अटैक) के कारण हुई होगी। बताया जा रहा है कि अस्पताल ले जाते समय उन्हें उल्टी हुई थी और अनियंत्रित रूप से यूरिन भी पास हो गया था। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि चिकित्सकीय जांच और अन्य औपचारिक प्रक्रियाओं के बाद ही हो सकेगी।

परिवार और सहकर्मियों में शोक
वैद्यनाथ गिरी मूल रूप से आदित्यपुर के निवासी थे और वर्तमान में टाटा स्टील के बिष्टुपुर स्थित आवास में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं। अचानक हुई इस घटना से परिजन गहरे सदमे में हैं। वहीं, उनके साथ वर्षों से काम कर रहे सहकर्मी भी इस अप्रत्याशित घटना से स्तब्ध हैं और पूरे फायर ब्रिगेड विभाग में शोक का माहौल बना हुआ है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !