Delhi Security Alert: दिल्ली और उत्तराखंड में संभावित आतंकी हमले की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं. खुफिया इनपुट के आधार पर दोनों राज्यों में धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशनों, सरकारी दफ्तरों और पुलिस प्रतिष्ठानों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. धमकी भरे ईमेल की जांच के साथ संवेदनशील इलाकों में निगरानी भी बढ़ा दी गई है.
धमकी भरे ईमेल से बढ़ी सुरक्षा एजेंसियों की चिंता
खुफिया सूत्रों के मुताबिक हाल ही में एक ईमेल के जरिए दिल्ली और उत्तराखंड में हमले की धमकी दी गई है. दावा किया गया है कि इसमें कई धार्मिक स्थलों, सरकारी कार्यालयों, रेलवे स्टेशनों और पुलिस ठिकानों को निशाना बनाने की बात लिखी गई थी. ईमेल में कुछ राजनीतिक नेताओं का भी उल्लेख होने की जानकारी सामने आई है. इसके बाद केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के साथ दिल्ली और उत्तराखंड पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है.
उत्तराखंड की हालिया घटनाओं पर भी नजर
सूत्रों का कहना है कि सुरक्षा एजेंसियां उत्तराखंड में हाल के दिनों में निहंग सिखों और प्रशासन के बीच हुए विवाद को भी गंभीरता से देख रही हैं. 16 जून को कर्णप्रयाग में स्थानीय लोगों के साथ झड़प के मामले में चार निहंग सिखों को गिरफ्तार किया गया था. इसके विरोध में रुद्रप्रयाग जिले के नागरासु गुरुद्वारे में उनके समर्थकों ने रिहाई की मांग की थी. बाद में सिख प्रतिनिधिमंडल की पहल के बाद 23 जून को यह गतिरोध समाप्त हो गया.
इसके बाद 25 जून को निहंग सिखों का एक समूह देहरादून जिले के कुल्हाल बॉर्डर के रास्ते उत्तराखंड में प्रवेश करने पहुंचा. अधिकारियों ने उन्हें समझाकर वापस पांवटा साहिब भेज दिया. शनिवार को जिला एवं सत्र अदालत ने गिरफ्तार चारों निहंग सिखों को जमानत दे दी.
ईमेल की जांच जारी, साइबर टीम तलाश रही स्रोत
दिल्ली पुलिस ने धमकी भरे ईमेल की जांच शुरू कर दी है. साइबर विशेषज्ञ ईमेल के डिजिटल स्रोत का पता लगाने में जुटे हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि धमकी वास्तविक है या किसी ने अफवाह फैलाने की कोशिश की है. समाचार लिखे जाने तक सुरक्षा एजेंसियों की जांच जारी थी और दोनों राज्यों में एहतियात के तौर पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था लागू रखी गई है.