Deoghar Fire News: देवघर के कुंडा थाना क्षेत्र में रविवार तड़के दो सटी हुई दुकानों में भीषण आग लगने से लाखों रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग में करीब 30 लाख रुपये के नुकसान की आशंका है. घटना के बाद प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
दोनों दुकानों में तेजी से फैली आग
यह घटना करनीबाग मोहल्ला स्थित कुंडा मोड़ के पास की है, जहां उषा ट्रेडर्स और शिव शक्ति स्टोर में अचानक आग भड़क उठी. दोनों दुकानें एक-दूसरे से सटी होने के कारण आग ने कुछ ही देर में दोनों प्रतिष्ठानों को अपनी चपेट में ले लिया. दुकानों में रखा इलेक्ट्रॉनिक सामान, दैनिक उपयोग की वस्तुएं और अन्य व्यापारिक सामग्री जलकर नष्ट हो गई.
सुबह धुआं उठता देख लोगों ने दी सूचना
स्थानीय लोगों के अनुसार रविवार सुबह करीब 4:30 बजे दुकानों से धुआं निकलता दिखाई दिया. इसके बाद आसपास के लोगों ने तुरंत दुकानदारों को सूचना दी. दुकानदार मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग को घटना की जानकारी दी गई. लोगों का कहना है कि आग तेजी से फैल रही थी, जिससे कुछ ही समय में दुकान के अंदर रखा अधिकांश सामान जल गया.
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच में जुटा प्रशासन
प्रारंभिक जांच के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है. हालांकि प्रशासन और अग्निशमन विभाग की ओर से मामले की विस्तृत जांच की जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि दमकल की गाड़ी सूचना मिलने के कुछ समय बाद मौके पर पहुंची, जिसके बाद कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया गया. यदि आग समय रहते नहीं बुझाई जाती तो आसपास की अन्य दुकानें और मकान भी इसकी चपेट में आ सकते थे. फिलहाल प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है, जबकि प्रभावित दुकानदारों ने आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग की है.