Devghar: देवघर में बेटी की शादी के लिए ऑनलाइन विज्ञापन देना एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव को भारी पड़ गया। खुद को केंद्र सरकार का अधिकारी बताकर एक ठग ने झांसा दिया और पीड़ित के खाते से 33,495 रुपये की ठगी कर ली। घटना के बाद पीड़ित ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित देवघर नगर थाना क्षेत्र का निवासी है और मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के तौर पर कार्य करता है। उसने अपनी बेटी की शादी के लिए एक मैरेज एजेंसी की वेबसाइट पर विज्ञापन दिया था। कुछ दिन बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने कॉल कर खुद को केंद्र सरकार का अधिकारी बताया और बातचीत शुरू की।
बातचीत के दौरान ठग ने पीड़ित का विश्वास जीतते हुए उसकी बेटी के शैक्षणिक प्रमाणपत्र और अन्य दस्तावेज मंगवाए। आरोपी ने कहा कि वह उसकी बेटी को अच्छी सरकारी नौकरी दिलवा सकता है, क्योंकि लड़की बीटेक कर चुकी है।
कुछ दिनों बाद पीड़ित के बैंक खाते से 33,495 रुपये की निकासी हो गई। तब जाकर उसे ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित ने तुरंत साइबर थाना में इसकी शिकायत की और एसबीआई बैंक में भी फ्रॉड ट्रांजैक्शन की सूचना दी।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ठग का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। लोगों से सतर्क रहने और किसी भी अनजान व्यक्ति से महत्वपूर्ण दस्तावेज साझा न करने की अपील की गई है।