Chaibasa News : पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ-चक्रधरपुर मुख्य सड़क पर सोमवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से एक शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह पूरी घटना निश्चितपुर स्कूल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घायल शिक्षिका की पहचान निश्चितपुर निवासी 23 वर्षीय बंदना महतो के रूप में हुई है, जो एसएस प्लस-2 हाई स्कूल, सोनुआ में घंटी आधारित शिक्षिका हैं।
स्कूल जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बंदना महतो सोमवार सुबह स्कूल पढ़ाने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान चक्रधरपुर की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सदर अस्पताल रेफर, पुलिस जांच में जुटी
स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल शिक्षिका को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सोनुआ ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही सोनुआ थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर की पहचान करने के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।