Jharkhand News: झारखंड के चतरा जिले के हंटरगंज प्रखंड निवासी सुफारी चौधरी के आंध्र प्रदेश से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है. घटना की जानकारी मिलने के बाद राज्य की डीजीपी तदाशा मिश्रा ने चतरा के पुलिस अधीक्षक को पूरे मामले की जांच कर लापता व्यक्ति की तलाश तेज करने का निर्देश दिया है.
काम की तलाश में गया था आंध्र प्रदेश
जानकारी के अनुसार, बलानिया गांव निवासी सुफारी चौधरी अपने गांव के ही जीतन भारती के साथ रोजगार की तलाश में आंध्र प्रदेश गया था. परिजनों ने बताया कि 5 जून को वह मजदूरों की टोली के साथ भोजन करने के बाद आंध्र प्रदेश के लिए रवाना हुआ था.
10 जून के बाद से नहीं चला कोई पता
परिजनों के मुताबिक, 10 जून को आंध्र प्रदेश पहुंचने के बाद सभी लोगों ने साथ में पार्टी की. इसके बाद सुफारी चौधरी अकेले कहीं चला गया. कुछ ही देर बाद उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया और तब से उसका परिवार से कोई संपर्क नहीं हो सका.
परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई.
20 दिनों से परेशान हैं परिजन
करीब 20 दिनों से सुफारी चौधरी का कोई सुराग नहीं मिलने से परिवार गहरे सदमे में है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. अब पुलिस मामले की जांच कर रही है और लापता युवक की तलाश के प्रयास तेज कर दिए गए हैं.