Giridih Police News: गिरिडीह पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर खोए और चोरी हुए 211 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए. न्यू पुलिस लाइन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने लाभुकों के बीच मोबाइल वितरित किए. इस पहल से सैकड़ों परिवारों को राहत मिली और पुलिस की कार्यशैली की लोगों ने सराहना की.
तकनीकी जांच से 211 मोबाइल हुए बरामद
पुलिस के अनुसार, जिलेभर में दर्ज गुमशुदगी और चोरी के मामलों को लेकर विशेष अभियान चलाया गया था. साइबर सेल और विभिन्न थाना पुलिस ने मोबाइल के आईएमईआई नंबर तथा अन्य तकनीकी माध्यमों की मदद से लगातार ट्रैकिंग की. इसके बाद जिले के साथ-साथ अन्य स्थानों से भी कुल 211 मोबाइल फोन बरामद किए गए. सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए गए. बरामद मोबाइल में विभिन्न कंपनियों के स्मार्टफोन, एंड्रॉयड फोन और आईफोन भी शामिल हैं.
मोबाइल मिलते ही लोगों के चेहरे पर लौटी मुस्कान
मोबाइल प्राप्त करने वालों में छात्र, नौकरीपेशा, व्यवसायी, गृहिणी और बुजुर्ग शामिल रहे. कई लोगों ने बताया कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया मोबाइल दोबारा मिल पाएगा. मोबाइल में जरूरी दस्तावेज, बैंकिंग से जुड़ी जानकारी, पारिवारिक तस्वीरें और महत्वपूर्ण संपर्क नंबर सुरक्षित थे. ऐसे में फोन वापस मिलने से उन्हें आर्थिक नुकसान और मानसिक चिंता दोनों से राहत मिली. कार्यक्रम में सदर एसडीपीओ जितवाहन उरांव, एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार सहित जिले के कई थाना प्रभारी और पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे.
एसपी ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
कार्यक्रम के दौरान एसपी डॉ. विमल कुमार ने कहा कि आज के समय में मोबाइल फोन लोगों की दैनिक जरूरतों का अहम हिस्सा बन चुका है. बैंकिंग, ऑनलाइन भुगतान, शिक्षा, सरकारी सेवाओं और व्यवसाय जैसे कई जरूरी कार्य मोबाइल के माध्यम से किए जाते हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने पर बिना देरी किए संबंधित थाना में शिकायत दर्ज कराएं और आईएमईआई नंबर उपलब्ध कराएं, ताकि ट्रैकिंग में आसानी हो सके. उन्होंने मोबाइल खरीदने के बाद उसका बिल और आईएमईआई नंबर सुरक्षित रखने की भी सलाह दी. पुलिस का कहना है कि गुमशुदा और चोरी हुए मोबाइल की बरामदगी का अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को उनकी खोई हुई संपत्ति वापस मिल सके.