Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.

  • 2026-06-29

West Singhbhum Lightning: मंझगांव में बिजली गिरने से युवक की मौत, चार बच्चे घायल, प्रशासन ने जारी की चेतावनी

West Singhbhum Lightning: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में सोमवार को हुई तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो अलग-अलग घटनाओं में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार बच्चे घायल हो गए. वहीं दूसरी घटना में एक युवती गंभीर रूप से झुलस गई, जिसका आईसीयू में इलाज जारी है. लगातार हुई इन घटनाओं के बाद प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान सतर्क रहने की अपील की है.
घर के अंदर बैठे युवक पर गिरी बिजली
मंझगांव थाना क्षेत्र के क्षेत्रीसाई गांव में दोपहर के समय तेज बारिश के बीच अचानक वज्रपात हुआ. उस समय 19 वर्षीय विक्की पिंगुवा घर के अंदर चार बच्चों के साथ मौजूद था. आकाशीय बिजली की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई, जबकि अंजलि सिरका, आयुष सिरका, कृष्ण मुंडा और अंजू सिरका भी झुलसकर घायल हो गए. सभी को तुरंत मंझगांव रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने विक्की पिंगुवा को मृत घोषित कर दिया. घायल बच्चों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.


दूसरी घटना में युवती गंभीर रूप से झुलसी
इसी दिन मंझगांव के नीचे टोला में भी आकाशीय बिजली गिरने की दूसरी घटना सामने आई. इस हादसे में 20 वर्षीय मंतारी पिंगुवा गंभीर रूप से झुलस गई. प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल रेफर किया गया. फिलहाल वह अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है और डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.


पुलिस ने शुरू की कार्रवाई, प्रशासन ने जारी की अपील
घटना की सूचना मिलते ही मंझगांव पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया. एक ही दिन में वज्रपात की दो घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है. प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने तथा सुरक्षित जगहों पर रहने की अपील की है. साथ ही मृतक के परिजनों को आपदा प्रबंधन के तहत मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.


WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !