Jharkhand News: झारखंड के सरकारी स्कूलों में प्रधानमंत्री पोषण (मध्याह्न भोजन) योजना के तहत कार्यरत रसोइया सह सहायिकाएं अब निर्धारित ड्रेस कोड में नजर आएंगी. राज्य सरकार ने मध्याह्न भोजन तैयार करने के दौरान साफ-सफाई और स्वच्छता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है.
झारखंड राज्य मध्याह्न भोजन प्राधिकरण ने सभी कार्यरत एवं अनुमोदित रसोइया सह सहायिकाओं को दो सेट पोशाक उपलब्ध कराने का फैसला लिया है. इसके लिए प्रत्येक रसोइया के बैंक खाते में 500 रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की जाएगी.
30 जून तक खाते में राशि भेजने का निर्देश
राज्य मुख्यालय ने सभी जिलों को निर्देश दिया है कि रसोइयों का विवरण 30 जून तक पीएफएमएस (PFMS) पोर्टल पर अपलोड कर राशि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी की जाए. पलामू जिले में इस योजना का लाभ 5,434 रसोइया सह सहायिकाओं को मिलेगा. राज्य सरकार के निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है.
महिला और पुरुष रसोइयों के लिए अलग ड्रेस तय
सरकार की ओर से ड्रेस का रंग और स्वरूप भी निर्धारित कर दिया गया है. महिला रसोइया सह सहायिकाओं को गहरे नीले रंग की सूती साड़ी, मैरून पाड़ और आंचल के साथ मैरून रंग का ब्लाउज पहनना होगा. वहीं, पुरुष रसोइयों के लिए नीले बॉर्डर वाली सफेद सूती धोती और मैरून रंग का कुर्ता निर्धारित किया गया है.
केवल कार्यरत और अनुमोदित रसोइयों को मिलेगा लाभ
राज्य मध्याह्न भोजन प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि योजना का लाभ केवल उन्हीं रसोइया सह सहायिकाओं को मिलेगा, जो नियमानुसार कार्यरत और अनुमोदित हैं. प्रत्येक विद्यालय में पोशाक वितरण का अभिलेख संधारित किया जाएगा, जिसकी प्रति संबंधित प्रखंड और जिला कार्यालय में भी सुरक्षित रखी जाएगी.
राज्य मुख्यालय ने जिला और प्रखंड प्रशासन को सख्त निर्देश दिया है कि किसी भी स्थिति में ऐसे व्यक्ति का नाम पीएफएमएस पोर्टल पर अपलोड न किया जाए, जो वास्तविक रूप से रसोइया सह सहायिका के रूप में कार्यरत नहीं है. सरकार ने स्पष्ट किया है कि योजना का लाभ केवल पात्र और कार्यरत कर्मियों को ही दिया जाएगा.