Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-29

Pakur News : पाकुड़ के सिंधीपाड़ा में दो बंद घरों में लाखों की चोरी, जेवर-नकदी समेत कीमती सामान ले उड़े चोर

Pakur News : नगर थाना क्षेत्र के सिंधीपाड़ा मोहल्ले में अज्ञात चोरों ने दो बंद घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने शिक्षक मृदुल भट्टाचार्य और वैज्ञानिक अमित कुमार के घरों का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर, नकदी, पीतल के बर्तन और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय दोनों परिवार किसी निजी कार्य से बाहर गए हुए थे। सोमवार को घर लौटने पर टूटा ताला और बिखरा सामान देखकर चोरी का पता चला।


घर लौटने पर खुली चोरी की वारदात

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शिक्षक मृदुल भट्टाचार्य की सास एवं सेवानिवृत्त शिक्षिका अल्पना चटर्जी ने बताया कि घर के सभी कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी और लॉकर को भी खंगाला गया है। उन्होंने बताया कि परिवार के अन्य सदस्य बाहर हैं, इसलिए चोरी गए सामान का सही आकलन उनके आने के बाद ही हो सकेगा।

वहीं वैज्ञानिक अमित कुमार का परिवार भी शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से बाहर गया हुआ था। चोरों ने उनके घर का भी ताला तोड़कर कीमती सामान और नकदी चोरी कर ली।

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए संदिग्ध

स्थानीय लोगों के अनुसार, पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में हेलमेट पहने दो संदिग्ध बाइक सवार घरों के आसपास घूमते और वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है।

लगातार चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत

मोहल्ले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत और नाराजगी है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में रात्रि गश्ती पर्याप्त नहीं होने के कारण चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !