Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-29

Potka News: पोटका में मलेरिया के बढ़ते प्रकोप के बीच विधायक ने संभाला मोर्चा, प्रभावित गांवों का किया दौरा

Potka: पोटका प्रखंड में तेजी से फैल रहे मलेरिया संक्रमण को लेकर स्थानीय विधायक संजीव सरदार सोमवार को प्रभावित इलाकों का दौरा करने पहुंचे। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ विभिन्न गांवों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को बीमारी पर जल्द नियंत्रण के लिए जांच, दवा वितरण और डीडीटी छिड़काव अभियान को और गति देने के निर्देश दिए। विधायक सबसे पहले सानग्राम गांव पहुंचे, जहां ब्रेन मलेरिया से एक छात्रा की मौत हुई थी। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इसके साथ ही गांव में चल रहे स्वास्थ्य शिविर और जांच अभियान की जानकारी ली तथा ग्रामीणों से किसी भी तरह के बुखार या मलेरिया जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की।

कोंदर गांव में राहत कार्यों की समीक्षा
इसके बाद संजीव सरदार हरिणा पंचायत के कोंदर गांव पहुंचे, जहां ब्रेन मलेरिया के कारण दो बच्चों की जान जा चुकी है। उन्होंने मृत बच्चों के पिता महावीर सरदार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विधायक ने कहा कि संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रभावित गांवों में बड़े पैमाने पर डीडीटी का छिड़काव किया जाना जरूरी है। साथ ही स्वास्थ्य टीमों को प्रत्येक घर तक पहुंचकर लोगों की जांच करने और जरूरतमंदों को समय पर दवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बीमारी की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान भी लगातार चलाया जाना चाहिए।

डीडीटी अभियान बंद होने को बताया चिंता का विषय
संजीव सरदार ने कहा कि पिछले कई वर्षों से केंद्र सरकार की ओर से संचालित डीडीटी छिड़काव अभियान बंद होने के कारण कई क्षेत्रों में मलेरिया का खतरा बढ़ा है। उनका कहना था कि संक्रमण की श्रृंखला तोड़ने के लिए प्रभावित इलाकों में दोबारा व्यापक स्तर पर छिड़काव कराना आवश्यक है। विधायक ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया कि जांच अभियान, दवा वितरण और जनजागरूकता कार्यक्रमों में तेजी लाई जाए, ताकि बीमारी को फैलने से रोका जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ स्थिति पर नजर रखे हुए है और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !