Jamshedpur News : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) और मानगो नगर निगम क्षेत्र की 16 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली योजनाओं का शिलान्यास होने के बावजूद कार्य शुरू नहीं होने पर गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने इस संबंध में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप करते हुए योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित कराने की मांग की है।
जेएनएसी और मानगो की 60 योजनाएं अब भी अधर में
सरयू राय ने पत्र में बताया कि जमशेदपुर अक्षेस क्षेत्र में नगर विकास विभाग की 21 योजनाओं को जिला योजना समिति से स्वीकृति मिली थी। निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन योजनाओं का 14 मार्च 2026 को विधिवत शिलान्यास भी कर दिया गया, लेकिन आज तक किसी भी योजना पर कार्य शुरू नहीं हो सका। इन योजनाओं की कुल लागत 3 करोड़ 24 लाख 78 हजार 599 रुपये है।
उन्होंने यह भी बताया कि मानगो नगर निगम क्षेत्र की 39 योजनाओं, जिनकी कुल लागत 12 करोड़ 99 लाख 19 हजार 117 रुपये है, उनका शिलान्यास 29 दिसंबर 2025 को किया गया था। इन योजनाओं पर भी अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। दोनों शिलान्यास कार्यक्रमों में स्वयं विधायक सरयू राय भी शामिल हुए थे।
बार-बार ध्यान दिलाने के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
पत्र में उन्होंने कहा कि जिन जनहित की योजनाओं के लिए नगर विकास विभाग द्वारा राशि उपलब्ध करा दी गई, जिला योजना समिति से स्वीकृति मिल गई और शिलान्यास भी हो गया, उन योजनाओं का कार्य शुरू नहीं होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे योजनाएं निर्धारित समय सीमा में पूरी नहीं हो सकेंगी और आम जनता को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
विधायक ने यह भी कहा कि वे कई बार मानगो नगर निगम और जमशेदपुर अक्षेस के अधिकारियों का ध्यान इस मामले की ओर आकर्षित करा चुके हैं। इसके बावजूद संवेदकों की नियुक्ति होने के बाद भी कार्य प्रारंभ नहीं हो पाया है।
सरयू राय ने प्रधान सचिव से आग्रह किया है कि मामले की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि लंबित योजनाओं पर जल्द कार्य शुरू हो सके और जनता को इनका लाभ समय पर मिल सके।