Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-06-29

Jamshedpur News: विधायक पूर्णिमा साहू की पहल पर घाटशिला के सब्जी विक्रेता की बेटी को मिली 1 लाख रूपए की सरकारी मदद

Jamshedpur News: जमशेदपुर के घाटशिला प्रखंड के नयाग्राम निवासी संतोष कुमार मिश्रा, जो सब्जी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं, उनकी चार माह की गंभीर रूप से बीमार बेटी विहा मिश्रा के इलाज के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है. यह सहायता जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू की पहल और अनुशंसा के बाद उपलब्ध कराई गई.

परिवार के अनुसार, जन्म के कुछ ही दिनों बाद विहा मिश्रा को मेकोनियम एस्पिरेशन सिंड्रोम और राइट सबड्यूरल हेमाटोमा जैसी गंभीर बीमारियों का पता चला. उसकी नाजुक हालत को देखते हुए मुंबई के एक अस्पताल में ब्रेन सर्जरी करानी पड़ी. अब तक इलाज पर करीब 14 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं, जबकि आगे होने वाली दूसरी सर्जरी के लिए लगभग 5 लाख रुपये की और आवश्यकता है.

आर्थिक संकट के बीच विधायक से लगाई मदद की गुहार
इलाज में पूरी जमा-पूंजी खर्च हो जाने के बाद परिवार आर्थिक संकट में आ गया. ऐसे में संतोष कुमार मिश्रा ने जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू से मुलाकात कर अपनी बेटी के इलाज के लिए आर्थिक सहयोग की अपील की.

मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक पूर्णिमा साहू ने तत्काल मुख्यमंत्री कार्यालय को पत्र भेजकर मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया. उन्होंने पत्र में बच्ची के समुचित इलाज और आवश्यक चिकित्सा सहायता के लिए यथासंभव आर्थिक सहयोग देने की मांग की.

मुख्यमंत्री राहत कोष से मिली 1 लाख रुपये की सहायता
विधायक की अनुशंसा पर सकारात्मक कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय ने 24 जून को विहा मिश्रा के उपचार के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत कर दी. इसके बाद परिवार को सहायता राशि का चेक उपलब्ध कराया गया.



बच्ची के जल्द स्वस्थ होने की कामना
विधायक पूर्णिमा साहू ने मुख्यमंत्री कार्यालय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गंभीर बीमारी से जूझ रही मासूम विहा को समय पर सहायता मिलना राहत की बात है. उन्होंने ईश्वर से बच्ची के शीघ्र पूर्ण स्वस्थ होने की कामना की तथा कहा कि जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहेगा.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !