Jamshedpur News: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चलाए जा रहे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान को लेकर सोमवार को रविन्द्र भवन सभागार में सभी विधानसभा क्षेत्रों के बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) और नामित वॉलंटियर्स का प्रशिक्षण आयोजित किया गया. उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन ने प्रशिक्षण का निरीक्षण करते हुए सभी प्रतिभागियों को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए.
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि जिले के सभी मतदान केंद्रों पर वॉलंटियर्स को संबंधित बीएलओ के साथ टैग किया गया है. 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक वॉलंटियर्स बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे.
अनट्रेस्ड मतदाताओं की पहचान होगी प्राथमिक जिम्मेदारी
उन्होंने कहा कि वॉलंटियर्स का सबसे महत्वपूर्ण दायित्व अनट्रेस्ड (Untraced) मतदाताओं की पहचान और सत्यापन में बीएलओ की सहायता करना होगा. इसके अलावा वे घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे, आवश्यक प्रपत्रों की जानकारी देंगे, पात्र मतदाताओं को जरूरी सहयोग उपलब्ध कराएंगे और क्षेत्र में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं से बीएलओ को अवगत कराएंगे.
कोई पात्र मतदाता सूची से न छूटे
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि यदि किसी पात्र नागरिक, प्रवासी श्रमिक या अन्य योग्य मतदाता को विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी होती है, तो वॉलंटियर्स इसकी जानकारी संबंधित बीएलओ, एईआरओ (AERO), ईआरओ (ERO) और जिला निर्वाचन पदाधिकारी तक पहुंचाएंगे. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रह जाए.
वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों को मिलेगी प्राथमिकता
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि वॉलंटियर्स वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, बीमार व्यक्तियों, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों और अन्य संवेदनशील मतदाताओं को प्राथमिकता देते हुए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएं, ताकि उन्हें पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो.
डिजिटल प्लेटफॉर्म और दस्तावेजों की भी दी गई जानकारी
प्रशिक्षण कार्यक्रम में वॉलंटियर्स को मतदाता सूची सत्यापन की प्रक्रिया, अनट्रेस्ड मतदाताओं की पहचान, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग का भी प्रशिक्षण दिया गया, ताकि वे बीएलओ का प्रभावी सहयोग कर सकें.
उपायुक्त राजीव रंजन ने सभी बीएलओ और वॉलंटियर्स से आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने और प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करने की अपील की. इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह ने भी प्रशिक्षणार्थियों को उनके दायित्वों की जानकारी देते हुए कुशलतापूर्वक जिम्मेदारियों के निर्वहन का आह्वान किया.