Ranchi News : झारखंड के कथित शराब घोटाला मामले की जांच के बीच पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से पूछताछ के लिए तीन सप्ताह का समय मांगा है। उन्हें 30 जून को रांची स्थित ईडी कार्यालय में पूछताछ के लिए उपस्थित होना था।
रोहित उरांव ने भी पेशी टालने का किया अनुरोध
इससे पहले रामेश्वर उरांव के बेटे रोहित उरांव ने भी ईडी से तीन सप्ताह का समय मांगा था। उन्हें 29 जून को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। हालांकि, दोनों के अनुरोध पर ईडी ने अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया है।
शराब नीति और वित्तीय लेनदेन की हो रही जांच
योगेंद्र तिवारी से जुड़े कथित शराब घोटाला मामले की जांच के दौरान ईडी ने रामेश्वर उरांव और उनके बेटे रोहित उरांव को समन जारी किया था। दोनों को अपनी आय, खर्च और चल-अचल संपत्ति का पूरा ब्योरा लेकर उपस्थित होने का निर्देश दिया गया था।
ईडी वर्ष 2022 की उत्पाद नीति के बाद राज्य में शराब कारोबार से जुड़े कथित वित्तीय लेनदेन और अनियमितताओं की जांच कर रही है। इसी क्रम में रोहित उरांव और एक निजी कंपनी के बीच हुए एग्रीमेंट की भी जांच एजेंसी के दायरे में है। इस मामले में इससे पहले ईडी रोहित उरांव सहित अन्य लोगों के ठिकानों पर छापेमारी भी कर चुकी है। फिलहाल एजेंसी दोनों के समय बढ़ाने के अनुरोध पर निर्णय लेने के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।