Ranchi News : झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की शुरुआत हो गई है। इस अभियान के तहत बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) 30 जून से 29 जुलाई तक घर-घर जाकर मतदाताओं को आंशिक रूप से पहले से भरे हुए इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराएंगे और मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे। अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन और पारदर्शी बनाना है।
घर-घर जाकर होगा सत्यापन, समय पर फॉर्म जमा करने की अपील
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने मतदाताओं से अपील की है कि वे इन्यूमरेशन फॉर्म में आवश्यक जानकारी भरकर उस पर हस्ताक्षर करें और समय पर अपने संबंधित BLO को जमा कर दें। निर्धारित अवधि के भीतर फॉर्म जमा करने वाले मतदाताओं का नाम प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा। इसके बाद दावे और आपत्तियों के लिए भी निर्धारित समय दिया जाएगा।
वरिष्ठ अधिकारी कर रहे निगरानी, बूथों का हो रहा निरीक्षण
अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारी लगातार जिलों और मतदान केंद्रों का दौरा कर रहे हैं। अधिकारी बूथ लेवल ऑफिसरों (BLO) और बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) के साथ बैठक कर अभियान की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं और आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
निर्वाचन आयोग का कहना है कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और अपात्र नामों को समय रहते हटाया जा सके। इसके लिए राज्यभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक मतदाता इस प्रक्रिया में भाग लें।