Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में सोमवार रात सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक वाहन जांच अभियान चलाया गया। मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सरायकेला मोड़ के पास दोपहिया और चारपहिया वाहनों की सघन जांच की। इस कार्रवाई से ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
हेलमेट, सीट बेल्ट और दस्तावेजों की हुई बारीकी से जांच
अभियान के दौरान पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट, चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की। वहीं, शराब पीकर वाहन चलाने वालों की पहचान के लिए ब्रेथ एनालाइजर मशीन का भी इस्तेमाल किया गया। जिन वाहन चालकों के दस्तावेज अधूरे मिले या जो बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के पाए गए, उनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत जुर्माना लगाया गया।
ड्रिंक एंड ड्राइव में एक चालक पकड़ा, गाड़ी जब्त
थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि जांच के दौरान ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ का एक मामला सामने आया। पुलिस ने संबंधित चालक का चालान काटने के साथ वाहन को जब्त कर लिया। उन्होंने कहा कि मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत शराब पीकर वाहन चलाने पर 10 हजार रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है। साथ ही चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
ट्रैफिक नियमों के पालन की अपील, आगे भी चलेगा अभियान
पुलिस ने लोगों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, वाहन के सभी दस्तावेज अपडेट रखने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की। थाना प्रभारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के विशेष वाहन जांच अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।