Jamshedpur News: जमशेदपुर के डीडी बार हत्याकांड को लेकर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मंगलवार को कहा कि यह किसी एक व्यक्ति या एक समुदाय का मामला नहीं है, बल्कि पूरे समाज से जुड़ा गंभीर विषय है. इसलिए सभी समाज के लोगों को बातचीत के लिए बुलाया गया है, ताकि सामूहिक रूप से आगे की रणनीति तय की जा सके.
सरयू राय ने कहा कि सभी समाज के प्रबुद्धजनों के साथ बैठक कर इस बात पर चर्चा होगी कि इस घटना को लेकर समाज किस प्रकार की कार्रवाई कर सकता है और आगे क्या कदम उठाए जाएं.
उन्होंने कहा कि आजकल यह स्थिति बन गई है कि जब किसी एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई होती है, तो उसके इलाके के लोग उसके समर्थन में खड़े हो जाते हैं. ऐसे में इस तरह के मामलों को किसी एक समुदाय तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि पूरे समाज को साथ लेकर समाधान की दिशा में आगे बढ़ना होगा.
विधायक ने कहा कि व्यापक स्तर पर इस मुद्दे पर विचार-विमर्श किया जाएगा और सभी पक्षों की राय लेकर आगे की रूपरेखा तैयार की जाएगी.
सरयू राय ने सरकार की भूमिका पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि सरकार को भी इस मामले की गंभीरता महसूस करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि यदि सरकार स्थिति की संवेदनशीलता को समझेगी, तभी प्रभावी कार्रवाई संभव होगी. साथ ही उन्होंने कहा कि लोगों में भरोसा और जागरूकता कितनी बढ़ाई जा सकती है, इस पर भी विचार किया जाएगा.