Jamshedpur DD Bar Murder Case: डीडी बार हत्याकांड में मारे गए हिमांशु सिंह का मंगलवार देर रात जिला प्रशासन के आदेश पर करीब साढ़े तीन बजे पोस्टमार्टम कराया गया. पोस्टमार्टम परिजनों की मौजूदगी के बिना किए जाने से परिवार में भारी नाराजगी और आक्रोश है. बुधवार सुबह से ही प्रशासनिक अधिकारी, सिटी एसपी ललित मीना समेत कई वरिष्ठ अधिकारी आदित्यपुर स्थित हिमांशु सिंह के आवास पर मौजूद हैं और परिजनों से लगातार बातचीत कर रहे हैं.
सूत्रों के अनुसार, पोस्टमार्टम के बाद भी मृतक के परिजनों ने हिमांशु सिंह का पार्थिव शरीर लेने से इनकार कर दिया है. परिजन अपनी मांगों पर अडिग हैं और उनका कहना है कि जब तक मुख्य आरोपी का एनकाउंटर नहीं किया जाता और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे शव स्वीकार नहीं करेंगे.
परिजनों ने मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी देने की भी मांग रखी है. प्रशासन लगातार उन्हें समझाने और समाधान निकालने का प्रयास कर रहा है, लेकिन खबर लिखे जाने तक दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी थी.
इस बीच, आदित्यपुर स्थित हिमांशु सिंह के आवास पर सुबह से जनप्रतिनिधियों का भी पहुंचना जारी है. पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय समेत कई अन्य जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठन के लोग परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दे रहे हैं.
फिलहाल प्रशासन और परिजनों के बीच वार्ता जारी है. वहीं, शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन की नजर बनी हुई है.